Thursday, 10 April 2014

कार तो दूर, मोबाइल भी नहीं है मोदी के पास


कार तो दूर, मोबाइल भी नहीं है मोदी के पास
 
 
कार तो दूर, मोबाइल भी नहीं है मोदी के पास
अहमदाबाद [शत्रुघ्न शर्मा]। गुजरात की सत्ता पर 13 साल से काबिज मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के पास कार तो दूर, मोबाइल फोन भी नहीं है। मोदी के पास 33 लाख 42 हजार रुपये की कुल जमा रकम है। गांधीनगर में भाइयों के संयुक्त मकान में उनकी एक चौथाई हिस्सेदारी है। भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी के पास 4700 रुपये की नकदी है।
वडोदरा में मोदी के नामांकन के साथ पेश आय के शपथ पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक उनकी सालाना आय 1,50, 630 रुपये है। भाजपा के पीएम प्रत्याशी के पास 4700 रुपये नकद जबकि 4,65,000 रुपये विविध बैंकों में जमा हैं। 22 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट व चार लाख रुपये के एनएसएस बांड हैं। चार सोने की अंगुठी हैं, जिनकी कुल कीमत सवा लाख रुपये है।
गांधीनगर सेक्टर 1 में एक 328 वर्गमीटर का संयुक्त मकान है, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये है। गुजरात के 13 साल तक मुख्यमंत्री रहे मोदी की कुल संपत्ति 58 लाख 42 हजार 842 रुपयेहै। उनके खिलाफ कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
प्रस्तावक बन महिदा गदगद
चाय विक्रेता किरण महिदा ने भाजपा के पीएम प्रत्याशी के नामांकन पत्र में बतौर प्रस्तावक जब हस्ताक्षर किए तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। किरण भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। हस्ताक्षर के बाद किरण जब मोदी के पैर छूने के लिए झुके तो मोदी ने उन्हें झट से गले लगा लिया। महिदा ने बताया कि वह 1990 से ही भाजपा से जुड़े हैं।
उन्होंने कहाकि यह मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है कि मैं उनका एक प्रस्तावक हूं। महिदा ने कहा कि सिर्फ मोदी जैसा व्यक्ति ही मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति को ऐसी इज्जत बख्श सकता है।
नामांकन के वीडियो फुटेज की जांच
गुजरात में चुनाव अधिकारी इस बात का पता लगाने के लिए वीडियो फुटेज की जांच करेंगे कि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए क्या मोदी के साथ निर्धारित संख्या से अधिक समर्थक गए थे। हालांकि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ है। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वडोदरा के कलेक्टर से भाजपा के पीएम प्रत्याशी के उनके कार्यालय में प्रवेश का फुटेज मुहैया कराने को कहा है।
नियमों के अनुसार नामांकन दाखिल करते समय किसी उम्मीदवार के साथ केवल पांच लोग जा सकते हैं। चूंकि मोदी के साथ बालकृष्ण शुक्ला ने भी डमी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया था इसलिए उनके साथ दस लोग जा सकते थे।
 Source : http://www.jagran.com/news/national-narendra-modi-files-nomination-papers-in-vadodara-11220838.html

No comments:

Post a Comment